Lucknow Desk : देवरिया के भलुअनी थाना क्षेत्र में करीब 23 वर्षीय युवक मनीष सिंह उर्फ मोनू सिंह की चाकू से हमला कर हत्या के बाद बवाल बढ़ गया है। पोस्टमार्टम के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को भलुअनी कस्बे में सड़क पर रखकर देवरिया-बरहज मार्ग जाम कर दिया। मौके पर कई थानों की पुलिस फोर्स तैनात है और ग्रामीणों का प्रदर्शन जारी है। परिजनों का आरोप है कि मनीष को पहले से जान का खतरा था। उनका दावा है कि 1 सितंबर को पुलिस को शिकायत दी गई थी और 3 सितंबर को मनीष पर जानलेवा हमले की कोशिश भी हुई, लेकिन शिकायत के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।
इसके बाद देर रात करीब 8 बजकर 45 मिनट पर मनीष पर चाकू से हमला किया गया, जिसमें उसकी मौत हो गई। हत्या के बाद मृतक के परिजन और ग्रामीण पुलिस की कथित लापरवाही को लेकर आक्रोशित हैं। मृतक के बड़े भाई ने आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं प्रदर्शनकारियों ने एक करोड़ रुपये मुआवजा, परिवार के सदस्य को सरकारी नौकरी और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई है।
प्रदर्शन के दौरान कुछ लोगों ने आरोपी के मकान पर बुलडोजर चलाने और मुठभेड़ में कार्रवाई की मांग भी उठाई। इन मांगों के बीच देवरिया-बरहज मार्ग पर चक्का जाम जारी है। वहीं, सेंथवार मल्ल महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष गंगा सिंह सेंथवार और करणी सेना के मंडल अध्यक्ष पवन शाही ने भी पुलिस पर कथित लापरवाही का आरोप लगाते हुए आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। पहले दी गई शिकायत पर क्या कार्रवाई हुई, हत्या की वजह क्या थी और घटना में कौन-कौन शामिल है इन सभी सवालों का जवाब पुलिस जांच के बाद ही साफ होगा।