Lucknow Desk : शहर के देहली गेट थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध पटाखों के कारोबार का खुलासा किया है। नाला रोड स्थित कोटला बाजार में प्लास्टिक की दुकान की आड़ में पटाखों का गोदाम चलाया जा रहा था। पुलिस ने छापेमारी कर यहां से करीब 450 किलो से ज्यादा अवैध पटाखे बरामद किए हैं। बरामद माल की अनुमानित कीमत साढ़े तीन लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक, रविवार दोपहर देहली गेट थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि कोटला बाजार में घरेलू सामान बेचने वाली एक प्लास्टिक की दुकान में अवैध रूप से पटाखों का भंडारण किया गया है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए सीओ कोतवाली के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई।
इसमें मजिस्ट्रेट, देहली गेट थाना पुलिस और फायर सर्विस विभाग की टीम को शामिल किया गया। टीम ने मौके पर पहुंचकर दुकान की जांच की। तलाशी के दौरान बड़ी मात्रा में पटाखे बरामद हुए। पूछताछ में दुकान संचालक के पास पटाखों के भंडारण या बिक्री से संबंधित कोई लाइसेंस नहीं मिला। इसके बाद पुलिस ने बरामद पटाखों को अपने कब्जे में ले लिया।
एसपी सिटी विनायक भोसले ने बताया कि कार्रवाई के दौरान सुरक्षा संबंधी मानक संचालन प्रक्रिया यानी SOP का पालन किया गया। पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया है और मामले में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि इतनी बड़ी मात्रा में पटाखे कहां से लाए गए थे और इन्हें कहां सप्लाई किया जाना था। इसके लिए आरोपी से पूछताछ की जा रही है। साथ ही, उसके सप्लायरों और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की तलाश भी शुरू कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।