Lucknow Desk : नोएडा में पंडित के अपहरण और रंगदारी मांगने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। थाना सेक्टर-113 क्षेत्र में हुई इस वारदात में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस और चाकू बरामद किया गया है। पुलिस ने बंधक बनाए गए पंडित अनिल कुमार तिवारी को भी सकुशल बरामद कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, पंडित अनिल कुमार तिवारी जौनपुर में पूजा कराने के लिए गए थे। आरोप है कि पूजा कराने के बाद उन्हें दोबारा जौनपुर बुलाया गया और वहां बंधक बना लिया गया।
इसके बाद आरोपियों ने उनके परिजनों से एक लाख रुपये की रंगदारी मांगी। पूछताछ और शुरुआती जांच में सामने आया कि आरोपियों ने मनोकामना पूरी नहीं होने पर पूजा में खर्च किए गए पैसे वापस लेने का तर्क दिया था। इसी बहाने पंडित को दोबारा बुलाकर बंधक बनाने की योजना बनाई गई। हालांकि, इस पूरे मामले में आरोपियों की भूमिका और वारदात के पीछे की वास्तविक वजह को लेकर पुलिस जांच कर रही है। पुलिस ने 11/12 सितंबर की रात मुखिया मार्केट के पास कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आशीष यादव उर्फ बाबा और प्रवेश यादव उर्फ गोरे के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, आशीष यादव के कब्जे से अवैध तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए। वहीं, प्रवेश यादव के पास से अवैध चाकू मिला है। बरामद हथियारों के संबंध में भी पुलिस जांच कर रही है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस वारदात में दोनों आरोपियों के अलावा और कितने लोग शामिल थे। साथ ही, पंडित को बंधक बनाने, रंगदारी मांगने और उन्हें दोबारा जौनपुर बुलाने की पूरी घटना की कड़ियों को जोड़ा जा रहा है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।