Lucknow Desk : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को लेकर एक आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रदेश की सियासत गरमा गई है। वाराणसी में बीजेपी नेता सुधीर सिंह ने इस मामले को लेकर समाजवादी पार्टी और उसके राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए विरोध दर्ज कराया। सुधीर सिंह ने अखिलेश यादव की तस्वीर हार्पिक की बोतल पर लगाकर अपना विरोध जताया।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ इस तरह का आपत्तिजनक वीडियो तैयार कर उसे सोशल मीडिया पर वायरल करना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उनके मुताबिक, भगवाधारी मुख्यमंत्री को लेकर इस तरह की टिप्पणी या सामग्री से संत समाज और सनातन मान्यताओं का भी अपमान होता है। बीजेपी नेता ने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी के कुछ नेता लगातार सनातन परंपराओं और हिंदू धार्मिक भावनाओं के खिलाफ बयानबाजी करते रहे हैं। उन्होंने कहा कि राजनीतिक विरोध अपनी जगह है, लेकिन किसी व्यक्ति या धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली सामग्री को स्वीकार नहीं किया जा सकता।
सुधीर सिंह ने अखिलेश यादव से भी इस तरह की कथित सामग्री पर अपना रुख स्पष्ट करने की मांग की। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया के दौर में नेताओं और राजनीतिक दलों की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है। किसी भी आपत्तिजनक वीडियो को साझा करने या उसका समर्थन करने से पहले उसकी सत्यता और उसके प्रभाव को समझना जरूरी है।