लखनऊ- थाना गौतमपल्ली क्षेत्र से करीब पांच महीने पहले लापता हुआ लगभग 14 वर्षीय रवि पुलिस की लगातार मेहनत के बाद सकुशल मिल गया। राजकीय बाल गृह, मोहन रोड में रवि के मिलने की सूचना के बाद पुलिस ने उसके परिजनों से संपर्क किया। मां को सामने देखते ही रवि भावुक होकर उनसे लिपट गया। यह भावुक दृश्य देखकर परिजनों की आंखों से भी आंसू छलक पड़े।
14 मार्च 2026 को लापता हुए रवि की तलाश में पुलिस टीम ने चारबाग रेलवे स्टेशन, चारबाग चुंगी स्थित शेल्टर होम, लाटूश रोड शेल्टर होम, आलमबाग बस स्टैंड समेत कई संभावित स्थानों पर लगातार खोजबीन की।
तलाश के दौरान पुलिस टीम राजकीय बाल गृह (बालक), मोहन रोड पहुंची। वहां कर्मचारियों को रवि की तस्वीर दिखाने पर उन्होंने बताया कि फोटो में दिखाई दे रहा बच्चा बाल गृह में मौजूद है।
पुलिस ने बालक को बुलाकर फोटो से उसकी पहचान की। पूछताछ में उसने अपना नाम रवि बताया। इसके बाद पुलिस ने उसके परिजनों से संपर्क किया और उन्हें राजकीय बाल गृह बुलाया।
कुछ देर बाद रवि की मां मोना देवी और उसके चाचा भोला वहां पहुंचे। मां को देखते ही रवि भावुक हो गया और उनसे लिपट गया। परिजनों ने भी बालक की पहचान करते हुए पुष्टि की कि यही उनका लापता रवि है।
करीब पांच महीने बाद बेटे के सकुशल मिलने से परिवार ने राहत की सांस ली। पुलिस की लगातार तलाश और प्रयासों के चलते रवि आखिरकार अपने परिवार से मिल सका।