Lucknow Desk: आज सुबह शुक्रवार को अंबेडकरनगर में बड़ा हादसा हो गया है। हादसा गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे पर हुआ है। एक्सीडेंट काफी बड़ा बताया जा रहा है। आपको बता दे कि जैतपुर थाना क्षेत्र में अंबरपुर टोल प्लाजा के पास एक वोल्वो बस और ट्रेलर की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में चार यात्रियों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल बताए जा रहे हैं। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, घायलों में कुछ की हालत गंभीर है। हादसा शुक्रवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे एक्सप्रेसवे के किलोमीटर संख्या 85 के पास हुआ।
बताया जा रहा है कि बस दिल्ली से दरभंगा जा रही थी। इसी दौरान ट्रेलर से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बस का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई। घटना की सूचना मिलते ही जैतपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया।
डॉक्टरों ने चार यात्रियों को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज रेफर किए जाने की जानकारी सामने आई है। हादसे के बाद कुछ समय के लिए एक्सप्रेसवे पर यातायात भी प्रभावित हुआ। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाने की कार्रवाई शुरू की। फिलहाल मृतकों की पहचान की प्रक्रिया चल रही है और उनके परिजनों से संपर्क किया जा रहा है। पुलिस हादसे की परिस्थितियों की जांच में जुटी है। शुरुआती जांच में अलग-अलग जानकारी सामने आई है, इसलिए दुर्घटना की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।