Lucknow Desk : उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले में एक 23 वर्षीय युवती ने पुलिस के दरोगा, सिपाही और CRPF के दो जवानों पर सामूहिक दुष्कर्म का गंभीर आरोप लगाया है। युवती की शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर चारों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब पीड़िता के बयान और दूसरे साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। मामला हसनपुर कोतवाली क्षेत्र का बताया जा रहा है। युवती ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि उसे धार्मिक स्थल पर ले जाने की बात कहकर बुलाया गया था। इसके बाद रास्ते में उसके साथ कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म किया गया।
शिकायत में युवती ने पुलिस विभाग में तैनात दरोगा संजय तोमर और सिपाही प्रमोद के साथ CRPF के दो जवानों पर आरोप लगाए हैं। पुलिस के मुताबिक, CRPF के दोनों जवान युवती को मुजफ्फरनगर से लेकर आए थे। बताया जा रहा है कि दोनों की पहचान हसनपुर में तैनात रहे दरोगा और सिपाही से पहले से थी। युवती की लिखित शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल मुकदमा दर्ज किया। इसके बाद पुलिस टीम ने नामजद चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपियों में दरोगा संजय तोमर और सिपाही प्रमोद के अलावा CRPF के दो जवान शामिल बताए गए हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के दौरान सभी जरूरी साक्ष्यों को जुटाया जा रहा है। पीड़िता के आधिकारिक बयान दर्ज किए जा रहे हैं। इसके साथ ही फॉरेंसिक साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं, ताकि मामले की जांच तथ्यों के आधार पर आगे बढ़ाई जा सके। अमरोहा के पुलिस अधीक्षक लखन सिंह यादव के अनुसार, मामले में सभी नामजद आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस पीड़िता के बयान और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।