Lucknow Desk : राठ कोतवाली क्षेत्र में उरई रोड पर बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहां दो कारों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों कारों के आगे का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। बताया जा रहा है कि हादसा उस समय हुआ, जब एक अन्ना जानवर अचानक सड़क पर आ गया। उसे बचाने के प्रयास में कार चालक का संतुलन बिगड़ गया और सामने से आ रही दूसरी कार से जोरदार टक्कर हो गई।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को घटना की सूचना दी। ग्रामीणों और पुलिसकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर कारों में फंसे और घायल लोगों को बाहर निकाला। इसके बाद सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने चार घायलों की हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज उरई रेफर कर दिया।
हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया और यातायात को सामान्य कराया। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल हादसे में घायल लोगों की पहचान और उनकी स्थिति के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़कों पर घूमने वाले अन्ना जानवरों के कारण आए दिन दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क पर घूम रहे अन्ना जानवरों को हटाने और हादसों पर रोक लगाने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे के वास्तविक कारणों की भी जानकारी जुटाई जा रही है।