Lucknow Desk : हाथरस में मंगलवार को मीतई बाईपास पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। चंदपा कोतवाली क्षेत्र में हुए इस हादसे में दो डंपरों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि पास से गुजर रहा एक ट्रैक्टर और बाइक सवार भी इसकी चपेट में आ गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार, डंपर संख्या RJ34 GA 4241 आगरा से रोडी लेकर हाथरस की ओर जा रहा था।
इसी दौरान सामने से आ रहे डंपर संख्या RA06 GP 7035 से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद दोनों डंपर सड़क किनारे खाई में पलट गए। इसी दौरान सीमेंट के कट्टे लेकर जा रहा ट्रैक्टर भी हादसे की चपेट में आ गया और खाई में पलट गया। वहीं, बाइक संख्या UP81 E 6148 पर सवार व्यक्ति भी दुर्घटना में घायल हो गया। हादसे में एक डंपर चालक, बाइक सवार और ट्रैक्टर पर सवार लेबर के तीन लोगों के गंभीर रूप से घायल होने की जानकारी सामने आई है।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही तीन पीआरवी और चंदपा कोतवाली पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा। वहीं, दुर्घटना के कारण सड़क पर प्रभावित हुए यातायात को भी पुलिस ने व्यवस्थित कराया। फिलहाल पुलिस हादसे की जांच कर रही है। दुर्घटना किस वजह से हुई, इसकी पूरी जानकारी जांच के बाद ही सामने आ सकेगी।