Lucknow Desk: उत्तर प्रदेश के मथुरा से बड़ी खबर सामने आ रही है। महिला बैंककर्मी से व्हाट्सऐप पर चैट करने के मामले में सपा नेता राजन रिजवी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आपको बता दे आरोपी समाजवादी पार्टी की अल्पसंख्यक सभा में महासचिव बताया जा रहा है। पुलिस ने उसे अलीगढ़ से पकड़ा और मथुरा लेकर आई। मामला कुछ समय पहले उस वक्त सामने आया था, जब महिला बैंककर्मी की राजन रिजवी के साथ हुई व्हाट्सऐप चैट सामने आई।
महिला का आरोप था कि राजन रिजवी ने उसे मैसेज भेजे थे। चैट में सपा की सरकार बनने पर डेपुटेशन के जरिए आईएएस की नौकरी दिलाने का झांसा देने की बात भी सामने आई थी। चैट सामने आने के बाद महिला बैंककर्मी ने शहर कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई। उसकी शिकायत के आधार पर पुलिस ने आईटी एक्ट समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। मुकदमा दर्ज होने के बाद से राजन रिजवी फरार चल रहा था। पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी।
इसी दौरान पुलिस को उसके अलीगढ़ में होने की जानकारी मिली। इसके बाद शहर कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को अलीगढ़ से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस राजन रिजवी को मथुरा लेकर पहुंची। यहां आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया। पुलिस अब मामले में सामने आई चैट और शिकायत से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।