Lucknow Desk : उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले से प्रेम संबंध और शादी के बाद कथित दबाव से जुड़ा सनसनीखेज मामला सामने आया है। रानीगंज थाना क्षेत्र के कुंभापुर गांव में शादीशुदा युवती ने फांसी लगाकर जान दे दी। घटना के करीब एक घंटे बाद उसके प्रेमी ने भी कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खा लिया। इलाज के लिए प्रयागराज ले जाते समय उसकी मौत हो गई। एक ही गांव में हुई दो मौतों से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। तीन साल से था प्रेम संबंध पुलिस के मुताबिक, कुंभापुर गांव निवासी विनय और पड़ोस में रहने वाली आंचल गौतम के बीच करीब तीन साल से प्रेम संबंध था। बताया जा रहा है कि मई 2026 में आंचल की शादी जाजापुर गांव निवासी जीतू उर्फ जितेंद्र गौतम के साथ हो गई थी।
शादी के बाद आंचल अपने मायके आ गई थी। तस्वीरें वायरल करने की धमकी का आरोप पुलिस जांच में सामने आया है कि शादी के बाद भी विनय कथित तौर पर आंचल से फोन पर बातचीत करने का दबाव बनाता था। आरोप है कि उसने आंचल की कुछ पुरानी और आपत्तिजनक तस्वीरें उसकी बहन को भेजीं। साथ ही, तस्वीरें वायरल करने की धमकी देकर आंचल से बात कराने के लिए दबाव बनाने का आरोप भी है। परिजनों के मुताबिक, कुछ दिन पहले ऐसी तस्वीरें आंचल के पति को भी भेजी गई थीं। बताया गया कि इस घटनाक्रम से करीब 15 दिन पहले आंचल अपने ससुराल से मायके लौट आई थी। हालांकि, मामले से जुड़े सभी आरोपों की पुलिस जांच कर रही है। युवती की मौत के बाद प्रेमी ने खाया जहरीला पदार्थ जानकारी के अनुसार, 15 सितंबर की देर रात आंचल ने अपने घर में फांसी लगा ली। परिजन उसे तत्काल रानीगंज ट्रॉमा सेंटर लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के मुताबिक, आंचल की मौत की खबर मिलने के बाद विनय ने भी करीब 11 बजे जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल से प्रयागराज रेफर किया गया। प्रयागराज ले जाते समय रास्ते में उसकी भी मौत हो गई। पुलिस ने शुरू की जांच दोनों परिवार एक-दूसरे के घर से करीब 30 मीटर की दूरी पर रहते हैं। एक ही गांव में थोड़े अंतराल पर हुई दो मौतों के बाद ग्रामीणों में चर्चा और दहशत का माहौल है। सूचना मिलते ही रानीगंज पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।