Lucknow Desk : लखनऊ के किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) के ब्लड बैंक में खून की दलाली करने के आरोप में चौक पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान बस्ती निवासी समीर के रूप में हुई है। आरोप है कि वह अस्पताल आने वाले मरीजों के तीमारदारों को अपना निशाना बनाकर उनसे खून दिलाने के नाम पर पैसे मांगता था। पुलिस के मुताबिक, समीर KGMU ब्लड बैंक और पैथालॉजी विभाग के आसपास सक्रिय रहता था। जिन मरीजों के लिए परिजन डोनर की तलाश कर रहे होते थे, उनसे वह संपर्क करता था।
डोनर उपलब्ध नहीं होने की स्थिति में आरोपी कथित तौर पर 4 से 5 हजार रुपये लेकर खून उपलब्ध कराने का सौदा करता था। मामले की जानकारी एक मरीज के तीमारदार ने पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद ट्रॉमा सेंटर चौकी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की और समीर को पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ शुरू कर दी है। प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी अकेले ही इस तरह की गतिविधि कर रहा था या उसके साथ कुछ और लोग भी जुड़े हुए हैं।
पुलिस को शक है कि इस पूरे मामले में अन्य लोगों की भूमिका भी हो सकती है। अब पुलिस आरोपी के संपर्क में रहने वाले लोगों और उसके संभावित साथियों के बारे में जानकारी जुटा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि उसने अब तक कितने मरीजों के तीमारदारों से संपर्क किया और कितने मामलों में पैसे लेकर खून उपलब्ध कराने की कोशिश की। पुलिस की कार्रवाई के बाद KGMU परिसर में इस तरह की गतिविधियों पर निगरानी और बढ़ाने की बात सामने आ रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।