Lucknow Desk : हर साल सुहागिन महिलाएं करवा चौथ के त्योहार का इंतजार करती हैं। इस दिन महिलाएं अपने पति की लंबी उम्र और खुशहाल वैवाहिक जीवन के लिए निर्जला व्रत रखती हैं। साल 2026 में करवा चौथ का व्रत 29 अक्टूबर, गुरुवार को रखा जाएगा। इस दिन महिलाएं पूरे दिन व्रत रखकर रात में चांद देखने के बाद अपना व्रत खोलती हैं। हिंदू धर्म में करवा चौथ का विशेष महत्व माना जाता है। पंचांग के अनुसार, हर साल कार्तिक महीने के कृष्ण पक्ष की चतुर्थी तिथि को यह व्रत रखा जाता है। इस दिन महिलाएं अपने पति की अच्छी सेहत, लंबी उम्र और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना करती हैं। करवा चौथ पर महिलाएं सोलह श्रृंगार करती हैं और विधि-विधान से पूजा करने के बाद चंद्रमा को अर्घ्य देती हैं।
करवा चौथ पर शुभ मुहूर्त ब्रह्म मुहूर्त: सुबह 04:58 बजे से सुबह 05:46 बजे तक। अभिजीत मुहूर्त: सुबह 11:48 बजे से दोपहर 12:33 बजे तक। अमृत काल: सुबह 08:17 बजे से सुबह 09:44 बजे तक। करवा चौथ 2026 पर सरगी का समय करवा चौथ के दिन सरगी खाने की परंपरा है। मान्यता के अनुसार, सास अपनी बहू को सरगी देती है। इसमें फल, मिठाई और दूसरी खाने-पीने की चीजें शामिल होती हैं। महिलाएं सुबह सूर्योदय से पहले सरगी खाकर व्रत शुरू करती हैं। साल 2026 में सरगी खाने का समय सुबह 3:30 बजे से 5:30 बजे के बीच बताया गया है। हालांकि, अपने शहर के सूर्योदय के समय के अनुसार इसकी पुष्टि कर लेना बेहतर रहेगा।
करवा चौथ पर कब निकलेगा चांद? करवा चौथ पर चंद्रमा के निकलने का इंतजार सभी व्रत रखने वाली महिलाओं को रहता है। चांद को देखने और पूजा करने के बाद ही महिलाएं अपना व्रत खोलती हैं। नई दिल्ली में 29 अक्टूबर को चंद्रमा रात 8:17 बजे के आसपास निकलने की संभावना बताई गई है। हालांकि, चंद्रोदय का समय हर शहर में अलग-अलग हो सकता है। इसलिए अपने क्षेत्र के पंचांग के अनुसार चांद निकलने का सही समय जरूर पता कर लें। उत्तर प्रदेश की बात करें तो साल 2026 में करवा चौथ का व्रत 29 अक्टूबर, गुरुवार को रखा जाएगा। इस दिन राज्य के अलग-अलग शहरों में चंद्रमा रात करीब 7:57 बजे से 8:30 बजे के बीच दिखाई देने की संभावना बताई गई है।