Lucknow Desk : टांडा-बांदा नेशनल हाईवे पर शुक्रवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। आजमगढ़ से दिल्ली जा रही एसी डबल डेकर बस अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र में सुड़ारी के पास अचानक अनियंत्रित होकर हाईवे से नीचे उतर गई। बस बबूल के एक पेड़ से टकराने के बाद गड्ढे में जाकर रुक गई। गनीमत रही कि बस पूरी तरह पलटी नहीं, जिससे उसमें सवार यात्रियों की जान बच गई। जानकारी के मुताबिक, बस यात्रियों को लेकर आजमगढ़ से दिल्ली की ओर जा रही थी। सुड़ारी के पास पहुंचने पर किसी वजह से बस चालक का वाहन पर नियंत्रण नहीं रहा।
देखते ही देखते बस हाईवे से नीचे गड्ढे की ओर चली गई और रास्ते में बबूल के पेड़ से जा टकराई। पेड़ से टकराने के बाद बस वहीं रुक गई। स्थानीय लोगों के मुताबिक, अगर बस पेड़ से नहीं टकराती तो वह गड्ढे में पलट सकती थी और बड़ा हादसा हो सकता था। घटना के बाद यात्रियों में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा। हालांकि, सभी यात्रियों के सुरक्षित होने की जानकारी सामने आई है।
बाद में यात्रियों को दूसरी बसों के जरिए दिल्ली भेजने की व्यवस्था की गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गई और स्थिति का जायजा लिया। स्थानीय स्तर पर भी लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। घटना की जानकारी मिलने पर सांसद लालजी वर्मा और पूर्व एमएलसी हीरालाल यादव भी मौके पर पहुंचे और घटना के बारे में जानकारी ली। पुलिस ने हादसे के कारणों की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। राहत की बात यह रही कि बस के दुर्घटनाग्रस्त होने के बावजूद कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ और यात्रियों की जान बाल-बाल बच गई।