Lucknow Desk : राजधानी लखनऊ में बुधवार को बारिश के बीच किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) परिसर में दो पेड़ गिरने से हड़कंप मच गया। हादसा शताब्दी परिसर के 17 नंबर गेट के अंदर हुआ, जहां पेड़ों के गिरने से आसपास की दीवार को भी नुकसान पहुंचा। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। जानकारी के मुताबिक, बारिश के दौरान KGMU परिसर में दो पेड़ अचानक भरभराकर गिर गए। इसी दौरान मानसिक विभाग के 15 नंबर गेट के अंदर भी एक दीवार गिर गई।
पेड़ों के गिरने से ऑक्सीजन प्लांट को भी नुकसान पहुंचा है और उसमें दरार आने की बात सामने आई है। इसके चलते अस्पताल की सेंट्रल ऑक्सीजन सप्लाई कुछ समय के लिए प्रभावित हुई। सेंट्रल सप्लाई प्रभावित होने के बाद अस्पताल में मरीजों को ऑक्सीजन की जरूरत पूरी करने के लिए सिलेंडर के जरिए ऑक्सीजन दी जा रही है। KGMU प्रशासन ने वैकल्पिक व्यवस्था शुरू कर दी है, ताकि मरीजों के इलाज पर इसका असर न पड़े। घटना की जानकारी मिलते ही KGMU की टीम मौके पर पहुंच गई और स्थिति का जायजा लिया। ऑक्सीजन प्लांट और प्रभावित हिस्से में मरम्मत का काम शुरू कर दिया गया है।
तकनीकी टीम लगातार काम कर रही है। उम्मीद जताई जा रही है कि अगले कुछ घंटों में आई तकनीकी खराबी को ठीक कर सेंट्रल ऑक्सीजन सप्लाई को सामान्य कर दिया जाएगा। हादसे के बाद KGMU प्रशासन ने परिसर में निगरानी बढ़ा दी है। खासतौर पर बारिश के कारण कमजोर हुए पेड़ों और अन्य संवेदनशील स्थानों पर नजर रखी जा रही है। प्रशासन की ओर से मरीजों और तीमारदारों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।