Lucknow Desk : जिले के उरई शहर में मलंगा नाले का जलस्तर बढ़ने के बाद कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। सूचना मिलने पर जिलाधिकारी राजेश कुमार पांडेय ने जलभराव प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया और मौके पर मौजूद अधिकारियों से स्थिति की जानकारी ली। डीएम ने नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी (ईओ) को शहर में साफ-सफाई के साथ जल निकासी की व्यवस्था को बेहतर करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन स्थानों पर पानी जमा हुआ है, वहां जल्द से जल्द निकासी की व्यवस्था की जाए, ताकि लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े। जिलाधिकारी ने बताया कि ऊपरी इलाकों में हुई बारिश के कारण मलंगा नाले का जलस्तर बढ़ा है।
इसके चलते उरई शहर के कुछ हिस्सों में जलभराव हुआ है। उन्होंने लोगों से घबराने की अपील नहीं करते हुए कहा कि फिलहाल स्थिति सामान्य है और प्रशासन लगातार पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है। जलस्तर जल्द कम होने की उम्मीद है। निरीक्षण के दौरान मलंगा नाले पर हुए अवैध कब्जों का मामला भी सामने आया। डीएम ने कहा कि नाले के प्रवाह में किसी भी तरह की बाधा बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अवैध कब्जों की पहचान के लिए सिंचाई विभाग और नगर पालिका की संयुक्त टीम बनाई जाएगी। टीम नाले के आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण कर कब्जों का चिन्हांकन करेगी। साथ ही नाले के प्राकृतिक प्रवाह में बाधा डालने वाले लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे जलभराव की स्थिति में सावधानी बरतें और किसी भी समस्या की सूचना संबंधित अधिकारियों को दें। प्रशासन का कहना है कि स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।