एक बार फिर उत्तर प्रदेश में मानसून एक्टिव होता हुआ नज़र आ रहा है। बता दे कि आज राजधानी लखनऊ और आसपास के कई जिलों में गुरुवार शाम से मौसम का मिजाज बदला हुआ है। लखनऊ में पिछले करीब तीन घंटे से रुक-रुककर बूंदाबांदी हो रही है। बारिश के चलते लोगों को गर्मी और उमस से कुछ राहत मिली है। इसी के साथ थोड़ी सी ठंड भी महसूस होने लगी हैं। मौसम विभाग ने बारिश को लेकर चेतावनी जारी की है।
विभाग के मुताबिक आने वाले दिनों में प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रह सकता है। लखनऊ समेत आसपास के जिलों में शुक्रवार को भी बारिश होने की संभावना जताई गई है। इसके साथ ही 27 सितंबर तक कई इलाकों में झोंकेदार हवा के साथ बारिश हो सकती है। मौसम में बदलाव का असर तापमान पर भी देखने को मिल सकता है। बारिश होने से अधिकतम तापमान में करीब 5 से 8 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आने की संभावना है। इससे दिन के समय पड़ रही गर्मी से लोगों को राहत मिल सकती है।
हालांकि लगातार बारिश होने की स्थिति में शहर के निचले इलाकों में जलभराव की समस्या भी सामने आ सकती है। लखनऊ में शाम के समय हुई बूंदाबांदी के बाद सड़कों पर भी मौसम का असर दिखाई दिया। कई जगह लोगों को बारिश से बचने के लिए रुकना पड़ा, जबकि कुछ इलाकों में वाहन चालकों को धीमी रफ्तार से चलना पड़ा। मौसम विभाग ने लोगों से बदलते मौसम के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है। खासकर तेज हवा और बारिश के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचने की सलाह दी गई है। आने वाले दिनों में बारिश का असर तापमान के साथ-साथ आम जनजीवन पर भी देखने को मिल सकता है।