Lucknow Desk: सोमवार को एक बार फिर मौसम ने करवट ली है। उत्तर प्रदेश के श्रावस्ती में अचानक मौसम का मिजाज बदल गया। आसमान में घने काले बादल छा गए और तेज धूल भरी हवाएं चलने लगीं। बारिश की आशंका को देखते हुए लोगों में चिंता बढ़ गई। खासकर किसान मौसम के बदले रुख को लेकर परेशान हैं।
दरअसल, जिले में कुछ दिन पहले आए चक्रवाती तूफान ने भारी नुकसान पहुंचाया था। तूफान के 12 दिन बाद भी कई इलाकों में जनजीवन पूरी तरह सामान्य नहीं हो सका है। कई गांवों में लगातार 12वें दिन बिजली आपूर्ति प्रभावित है। इसके चलते लोग अंधेरे में रहने को मजबूर हैं।
वहीं, पानी की किल्लत और मोबाइल नेटवर्क की समस्या ने ग्रामीणों की परेशानी और बढ़ा दी है। इधर, किसान पहले से पानी में डूबी फसलों को बचाने और खेतों से पानी निकालने की कोशिश कर रहे थे। ऐसे में एक बार फिर मौसम के बिगड़ने से उनकी चिंता बढ़ गई है। किसानों को डर है कि अगर तेज बारिश हुई तो खेतों में जमा पानी और बढ़ सकता है, जिससे फसलों को और नुकसान होगा। पुराने नुकसान से लोग अभी उबर भी नहीं पाए हैं कि बदले मौसम ने उनकी मुश्किलें फिर बढ़ा दी हैं।