ढाका। बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री और अवामी लीग की नेता शेख
हसीना ने दिसंबर में स्वदेश लौटने का इरादा दोहराया है। उन्होंने कहा कि गिरफ्तारी, हिंसा या प्रताड़ना का खतरा उन्हें
वापस जाने से नहीं रोक पाएगा। हालांकि, उन्होंने वापसी की कोई निश्चित तारीख नहीं बताई है। उनके बेटे सजीब
वाजेद जॉय ने भी कहा कि तारीख तय होने पर इसकी घोषणा की जाएगी।
वर्चुअल प्रेस कॉन्फ्रेंस में हसीना ने कहा कि बांग्लादेश लौटना उनकी
राजनीतिक जिम्मेदारी है और उन्हें अपने समर्थकों के साथ खड़ा होना है। अगस्त 2024 में उनकी सरकार गिरने के बाद से वह
भारत में रह रही हैं।
शेख हसीना ने भारत सरकार का जताया आभार
शेख हसीना
ने राजनीतिक उथल-पुथल के दौरान उन्हें शरण देने के लिए भारत सरकार और भारतीयों का
धन्यवाद किया। उन्होंने 1975
में अपने पिता शेख मुजीबुर रहमान और परिवार के कई सदस्यों की हत्या के बाद भारत
में मिले आश्रय का भी उल्लेख किया।
उन्होंने अपने पुराने राजनीतिक सफर को याद करते हुए 1981 में बांग्लादेश लौटने और 2007 में राजनीतिक संकट के दौरान देश वापस
जाने के फैसले का जिक्र किया।
शेख हसीना ने कानून के उचित पालन की मांग की
शेख हसीना ने आरोप लगाया कि उनके और अवामी लीग के नेताओं के खिलाफ दर्ज
आपराधिक मामलों का इस्तेमाल राजनीतिक विरोध दबाने के लिए किया जा रहा है। उन्होंने
कहा कि आरोपों का निपटारा निष्पक्ष और पारदर्शी कानूनी प्रक्रिया के तहत होना
चाहिए।
उन्होंने स्वतंत्र न्यायपालिका, अभिव्यक्ति की आजादी,
राजनीतिक भागीदारी,
अल्पसंख्यकों की सुरक्षा और कानून के उचित पालन की मांग की। उनके
मुताबिक, राजनीतिक दलों
को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से बाहर रखने से मतभेद बढ़ेंगे। उन्होंने कहा कि
बांग्लादेश का भविष्य बदले के बजाय राष्ट्रीय मेल-मिलाप पर आधारित होना चाहिए।
हसीना ने यह भी कहा कि उनके प्रशासन और 2024 के विरोध प्रदर्शनों से जुड़ी घटनाओं
पर उठे सवालों की जांच निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से होनी चाहिए।
हसीना ने ब्रिक्स सम्मेलन को लेकर भी उठाएं सवाल
हसीना ने भारत में हुए ब्रिक्स सम्मेलन में बांग्लादेश की गैरमौजूदगी
पर भी टिप्पणी की और प्रधानमंत्री तारिक रहमान के फैसले को अपरिपक्व बताया।
रिपोर्टों के अनुसार, भारत
ने रहमान को ब्रिक्स सम्मेलन के लिए बिम्सटेक अध्यक्ष के रूप में आमंत्रित करने के
साथ द्विपक्षीय दौरे का निमंत्रण भी दिया था। बांग्लादेश सरकार ने निमंत्रण की
प्रकृति पर अलग दावा किया और रहमान सम्मेलन में शामिल नहीं हुए।