Lucknow Desk : जिले में डेंगू और मलेरिया के मामले सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। मथुरा जिला कारागार में निरुद्ध एक बंदी के डेंगू संक्रमित पाए जाने के बाद जेल प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग में हलचल बढ़ गई है। संक्रमित बंदी की पहचान रोनिक नामक युवक के रूप में हुई है। मामले की जानकारी मिलने के बाद मलेरिया विभाग की टीम जिला कारागार पहुंची और संबंधित बैरक में दवाओं का छिड़काव कराया। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जेल परिसर में साफ-सफाई और मच्छरों से बचाव को लेकर भी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं, ताकि संक्रमण को फैलने से रोका जा सके।
वहीं, जिले में अब तक मलेरिया के पांच और डेंगू के चार मरीज सामने आने की जानकारी है। लगातार सामने आ रहे मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने निगरानी बढ़ा दी है। अधिकारियों की ओर से लोगों से भी अपने आसपास साफ-सफाई रखने और पानी जमा न होने देने की अपील की जा रही है। सीएमओ डॉ.
राधा बल्लभ ने स्थिति को देखते हुए मलेरिया अधिकारी सीपी मिश्रा को ग्रामीण अंचलों में विशेष रूप से जांच अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही प्रभावित और संवेदनशील क्षेत्रों में दवाओं का छिड़काव कराने को भी कहा गया है। स्वास्थ्य विभाग की टीमें ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर बुखार से पीड़ित लोगों की जांच कर रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि समय रहते मरीजों की पहचान और उपचार के साथ-साथ मच्छरों पर नियंत्रण करना जरूरी है। विभाग की ओर से स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।