शिवपुरी। मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले में दो अलग-अलग घटनाओं में दो सगी बहनों
और उनके पांच बच्चों की मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, दोनों घटनाएं कुओं में डूबने से हुईं।
इनमें एक महिला आठ महीने की गर्भवती थी। पुलिस ने दोनों मामलों में मर्ग कायम कर
जांच शुरू कर दी है।
पहली घटना बुधवार को बैराड़ थाना क्षेत्र के गुंगरगांव की है। पुलिस
और परिजनों के अनुसार, 35
वर्षीय अंजली रावत अपने बच्चों के साथ कुएं में गई थीं। उनकी सबसे बड़ी बेटी
मोनिका किसी तरह खुद को और अपनी दो छोटी बहनों को बचाकर घर पहुंची और परिवार को
सूचना दी। परिजन मौके पर पहुंचे और अंजली तथा उनके छह वर्षीय बेटे प्रशांत को कुएं
से बाहर निकाला, लेकिन
दोनों की मौत हो चुकी थी।
परिजनों ने बताया कि अंजली के पति धर्मवीर सिंह रावत की करीब डेढ़
महीने पहले सड़क हादसे में मौत हो गई थी। इसके बाद से वह मानसिक तनाव में थीं। इस
घटना की परिस्थितियों की जांच की जा रही है।
बहन की मौत के बाद दूसरी घटना
दूसरी घटना सेसाई गांव की बताई गई है। अंजली की 40 वर्षीय बहन सीता
रावत बुधवार को अपने बच्चों- राखी (14), प्रियंका (11) और श्लोक (6) के साथ घर से निकली थीं। शाम तक उनके
नहीं लौटने पर परिजनों ने तलाश शुरू की।
खोज के दौरान एक कुएं के पास चप्पलें और पानी में बच्चे का शव दिखाई
दिया। सूचना मिलने पर पुलिस ने रात करीब 11 बजे सीता और उनके तीनों बच्चों के शव
कुएं से बाहर निकाले। पुलिस के अनुसार, सीता आठ महीने की गर्भवती थीं।
परिजनों ने बताया कि दोनों बहनों के बीच गहरा लगाव था और वे अक्सर
फोन पर बात करती थीं। रिश्तेदारों ने आशंका जताई है कि अंजली की मौत की खबर से
सीता गहरे सदमे में थीं। हालांकि,
घटना के कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
पुलिस ने शवों का पोस्टमॉर्टम कराया है और दोनों घटनाओं की जांच कर
रही है। घटना से इलाके में शोक का माहौल है।