Lucknow Desk: लखनऊ में H1N1 के मामलों में एक बार फिर बढ़ोतरी देखने को मिली है। जनपद में 11 नए मरीज सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हो गया है। नए मिले मरीजों में दो को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि नौ मरीजों को डॉक्टरों की निगरानी में होम आइसोलेशन में रखा गया है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, अब तक 20 मरीजों को अस्पताल में भर्ती कराया जा चुका है। इनमें से 17 मरीज इलाज के बाद स्वस्थ होकर अस्पताल से डिस्चार्ज हो चुके हैं।
वहीं, जनपद में एक्टिव केसों की संख्या 63 बताई गई है। नए मामलों के सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग लोगों से सतर्क रहने और लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करने की अपील कर रहा है। विशेषज्ञों के अनुसार, H1N1 के दौरान तेज बुखार, सांस फूलना, सीने में दर्द, खांसी और कमजोरी जैसे लक्षण दिखाई दे सकते हैं। यदि किसी व्यक्ति में गंभीर लक्षण नजर आते हैं तो उसे तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए। जरूरत पड़ने पर Real-Time RT-PCR जांच कराने की सलाह दी गई है, ताकि संक्रमण की सही स्थिति का पता लगाया जा सके।
बच्चों, गर्भवती महिलाओं और बुजुर्गों को लेकर विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से मास्क पहनने, भीड़भाड़ वाली जगहों पर जाने से बचने और साफ-सफाई का ध्यान रखने को कहा है। इसके अलावा लोगों से अपील की गई है कि बिना डॉक्टर की सलाह के कोई दवा न लें। H1N1 जैसे लक्षण दिखने पर समय पर चिकित्सकीय सलाह लेना बेहतर है। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि सावधानी और समय पर इलाज से संक्रमण को गंभीर होने से रोका जा सकता है।