Lucknow Desk: उन्नाव में स्वाइन फ्लू यानी H1N1 संक्रमण को लेकर स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। गंजमुरादाबाद ब्लॉक के अटवा बैक गांव के रहने वाले देवर-भाभी की लखनऊ के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। दोनों की जांच रिपोर्ट में H1N1 संक्रमण की पुष्टि हुई थी। लगातार दो दिनों में हुई इन मौतों की जानकारी मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने गांव में निगरानी बढ़ा दी है।
मामले की जानकारी मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम अटवा बैक गांव पहुंची। टीम ने मृतकों के संपर्क में आए लोगों की जानकारी जुटाई। अब तक कुल 16 लोगों की पहचान की गई है। सभी के सैंपल लेकर आरटीपीसीआर जांच के लिए KGMU लखनऊ भेजे गए हैं। स्वास्थ्य विभाग को अब इन जांच रिपोर्ट का इंतजार है। रिपोर्ट आने के बाद ही पता चलेगा कि मृतकों के संपर्क में आए किसी व्यक्ति में H1N1 संक्रमण है या नहीं।
जानकारी के मुताबिक, दोनों मृतक मूल रूप से उन्नाव के रहने वाले थे और उनके आधार कार्ड पर भी उन्नाव का पता दर्ज है। हालांकि, दोनों फिलहाल लखनऊ में रह रहे थे और वहीं एक निजी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था।
मौतों के बाद स्वास्थ्य विभाग ने एहतियात के तौर पर उन्नाव में भी निगरानी बढ़ा दी है। परिजनों और संपर्क में आए लोगों की जांच कराई जा रही है।
उन्नाव के सीएमओ अजय कुमार शर्मा ने बताया कि परिजनों की जांच कराई जा रही है। जरूरत पड़ने पर उन्नाव मेडिकल कॉलेज में भी जांच की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने कहा कि H1N1 संक्रमण से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग के पास पर्याप्त दवाएं और जरूरी संसाधन उपलब्ध हैं। उन्नाव में जांच के लिए अलग से लैब की व्यवस्था भी की गई है।