Lucknow Desk: उत्तर प्रदेश के बलरामपुर में शुक्रवार देर रात सड़क पर तेंदुआ दिखाई देने से इलाके में हड़कंप मच गया। तेंदुआ कई मिनट तक सड़क के बीच बने पुल पर बैठा रहा। इस दौरान वहां से गुजर रहे राहगीरों ने दूर से मोबाइल फोन के जरिए तेंदुए का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया। अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि वायरल वीडियो सुहेलवा वन्यजीव प्रभाग के बनकटवा रेंज क्षेत्र का है। शुक्रवार रात करीब साढ़े आठ बजे लालपुर चौराहे के पूर्व स्थित पहाड़ी हेंगहा नाला पुल पर अचानक तेंदुआ दिखाई दिया। करीब पांच मिनट तक पुल पर बैठा रहा तेंदुआ प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, तेंदुआ करीब पांच मिनट तक पुल पर बैठा रहा।
इसी दौरान वहां से गुजर रही एक कार की हेडलाइट तेंदुए पर पड़ी, जिसके बाद वह उठकर खड़ा हो गया। राहगीरों ने सुरक्षित दूरी से अपने मोबाइल फोन में तेंदुए का वीडियो रिकॉर्ड किया। बताया जा रहा है कि कार सवार ने तेंदुए के नजदीक जाकर वीडियो बनाने की कोशिश की। इस दौरान तेंदुआ धीरे-धीरे झाड़ियों की ओर बढ़ा और पुल के नीचे उतर गया। छह महीने से इलाके में सक्रिय होने का ग्रामीणों का दावा स्थानीय ग्रामीणों का दावा है कि तेंदुआ पिछले करीब छह महीने से इलाके में सक्रिय है। ग्रामीणों के मुताबिक, क्षेत्र में कई बार बकरी और कुत्तों के शिकार किए जाने की घटनाएं सामने आई हैं।
इसके अलावा तेंदुए को पुल के आसपास कई बार देखे जाने का भी दावा किया जा रहा है। हालांकि, इन घटनाओं और तेंदुए की मौजूदगी को लेकर आधिकारिक पुष्टि वन विभाग की ओर से किया जाना बाकी है। वन विभाग से निगरानी बढ़ाने की मांग ग्रामीणों का कहना है कि तेंदुए की मौजूदगी की सूचना बनकटवा रेंज के वन विभाग के अधिकारियों को दी जा चुकी है। तेंदुए के सड़क और पुल के आसपास दिखाई देने के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने, तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रखने और राहगीरों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है। फिलहाल तेंदुए का वीडियो सामने आने के बाद इलाके में लोगों के बीच डर का माहौल बना हुआ है। वन विभाग की निगरानी और आगे की कार्रवाई के बाद ही स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।