Lucknow Desk : लालगंज थाना क्षेत्र के मंझरिया गांव में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से हड़कंप मच गया। अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद परिजनों ने 35 वर्षीय श्यामकाली देवी को जिला अस्पताल बस्ती में भर्ती कराया था। इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। घटना के बाद मृतका के पिता ने उसके ससुराल पक्ष के लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पिता का आरोप है कि उनकी बेटी को ससुराल में लगातार प्रताड़ित किया जाता था और इसी के चलते उसकी हत्या की गई है।
हालांकि, महिला की मौत की असली वजह क्या है, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। महिला की मौत की सूचना मिलने पर लालगंज पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। बताया जा रहा है कि श्यामकाली देवी अपने पीछे पांच छोटे बच्चों को छोड़ गई हैं। मां की मौत के बाद बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।
परिवार के लोगों का भी दुख से बुरा हाल है। घटना के बाद गांव में भी शोक का माहौल है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। मृतका के पिता की ओर से लगाए गए आरोपों को भी जांच में शामिल किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना को लेकर ग्रामीणों में भी तरह-तरह की चर्चाएं हैं