मध्य प्रदेश के भिंड जिले से एक बेहद दर्दनाक और विचलित करने वाली खबर सामने आई है। मंगलवार तड़के करीब 1 बजे भिंड-ग्वालियर नेशनल हाईवे पर छिम्का गांव के पास एक तेज रफ्तार पिक-अप वाहन की टक्कर सामने से आ रहे डंपर ट्रक से हो गई।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, इस हादसे में 8 मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई है, जबकि 32 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। ये सभी मजदूर उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी के रहने वाले थे, जो ग्वालियर में धान की रोपाई का काम पूरा करने के बाद अपने घर लौट रहे थे।
शुरुआती जांच में पता चला है कि हाईवे पर अचानक आए मवेशियों को बचाने के चक्कर में ड्राइवर ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और गाड़ी विपरीत दिशा से आ रहे ट्रक से जा टकराई। सभी घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उनका इलाज जारी है।