Lucknow Desk : लगातार हो रही तेज बारिश के बीच मुरादाबाद में रविवार को एक तीन मंजिला इमारत अचानक भरभराकर जमींदोज हो गई। हादसा थाना मुगलपुरा क्षेत्र में हमसफर बैंक्वेट हॉल के पास करीब शाम चार बजे हुआ। गनीमत रही कि नगर निगम की ओर से पहले ही इमारत को खतरनाक घोषित कर आसपास का रास्ता बंद करा दिया गया था, जिससे किसी बड़े हादसे की आशंका टल गई। जानकारी के मुताबिक, जिस तीन मंजिला बिल्डिंग के गिरने की घटना हुई, उसे नगर निगम ने एक दिन पहले ही खतरनाक घोषित किया था। निगम की टीम ने बिल्डिंग मालिक को नोटिस जारी कर जरूरी कार्रवाई के लिए अल्टीमेटम भी दिया था।
साथ ही आम लोगों की सुरक्षा को देखते हुए इमारत के आसपास के रास्तों पर बैरिकेडिंग कर उन्हें बंद कर दिया गया था। बताया जा रहा है कि रविवार को लगातार हो रही बारिश के दौरान करीब चार बजे अचानक पूरी इमारत भरभराकर गिर गई। तेज आवाज के साथ बिल्डिंग के जमींदोज होने से आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। बारिश के कारण पहले से ही जमीन और इमारत की हालत कमजोर बताई जा रही थी।
स्थानीय लोगों के अनुसार, यह बिल्डिंग पीतल कारोबारी सरफराज की बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। फिलहाल प्रशासन की ओर से आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर निगरानी की जा रही है। बिल्डिंग गिरने से कितना नुकसान हुआ है और इसमें कोई जनहानि हुई या नहीं, इसकी जानकारी संबंधित अधिकारियों की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। शुरुआती तौर पर सबसे बड़ी राहत यही है कि हादसे से पहले ही आसपास का रास्ता आम लोगों के लिए बंद कर दिया गया था।