Lucknow Desk : बारिश के बाद मध्यनगर से जोगनी गांव को जोड़ने वाले संपर्क मार्ग की हालत खराब हो गई है। सड़क पर जगह-जगह कीचड़ और जलभराव होने से राहगीरों, ग्रामीणों और स्कूली बच्चों को आने-जाने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हालात यह हैं कि लोगों को इसी कीचड़ भरे रास्ते से होकर गुजरना पड़ रहा है। मध्यनगर से जोगनी जाने वाला यह मार्ग आसपास के दर्जनों गांवों के ग्रामीणों के लिए आने-जाने का प्रमुख रास्ता है। इसी मार्ग से राजकीय हाईस्कूल जोगनी के छात्र-छात्राएं भी स्कूल पहुंचते हैं।
बारिश के बाद रास्ते पर कीचड़ इतना बढ़ गया है कि बच्चों को संभलकर कदम रखना पड़ रहा है। कई जगह पानी जमा होने के कारण रास्ता और भी मुश्किल हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि बरसात के मौसम में राप्ती नदी के कछार क्षेत्र में बसे गांवों के लोगों की समस्याएं और बढ़ जाती हैं। खराब मार्ग के कारण बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को सबसे ज्यादा दिक्कत होती है।
रोजमर्रा के काम के लिए आने-जाने वाले लोगों को भी इसी रास्ते से गुजरना पड़ता है। रास्ते की बदहाल स्थिति से परेशान ग्रामीणों ने मार्ग पर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत कराने की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते मार्ग को ठीक नहीं कराया गया तो बारिश के दौरान परेशानी और बढ़ सकती है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क से कीचड़ और जलभराव की समस्या दूर कराकर मार्ग को आवागमन के योग्य बनाया जाए, ताकि स्कूली बच्चों के साथ आम राहगीरों को भी राहत मिल सके।