Lucknow Desk: रविवार को उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर में हुए हादसे पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने दुख जताया और मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से हादसे की पूरी जानकारी भी ली। आपको बता दे कि इस सड़क हादसे में चार लोगों की जान जा चुकी है। घटना सुल्तानपुर में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हुई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों को आर्थिक मदद देने का ऐलान किया है।
उन्होंने प्रत्येक मृतक के परिवार को दो-दो लाख रुपये की सहायता राशि देने के निर्देश दिए हैं। साथ ही सुल्तानपुर और देवरिया के अधिकारियों को मृतकों के परिवारों से संपर्क कर हर संभव मदद उपलब्ध कराने को कहा है। बताया जा रहा है कि यह एंबुलेंस चंडीगढ़ से शहीद सूबेदार का शव लेकर देवरिया जा रही थी। एंबुलेंस में शहीद के परिवार के लोग भी मौजूद थे। इसी दौरान पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर एंबुलेंस की एक अन्य वाहन से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि हादसे में एंबुलेंस चालक समेत चार लोगों की मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने हादसे की जानकारी जुटाई और आगे की कार्रवाई शुरू की। हादसे के बाद मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को पीड़ित परिवारों की जरूरत के मुताबिक तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने इस दुखद घटना में मृतकों की आत्मा की शांति और उनके परिजनों को यह दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की। प्रशासन की ओर से भी हादसे से जुड़ी जानकारी और राहत कार्यों पर नजर रखी जा रही है।