Lucknow Desk : हापुड़ के गढ़ कोतवाली क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध तीर्थ नगरी ब्रजघाट से श्रद्धालुओं को हैरान और डराने वाला मामला सामने आया है। गंगा नदी में स्नान कर रहे लोगों के बीच उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पानी में एक कोबरा सांप दिखाई दिया। सांप का वीडियो श्रद्धालुओं ने अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। बताया जा रहा है कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए गंगा नदी में जेट बैरिकेडिंग लगाई गई है। इसी बैरिकेडिंग के पास एक सांप पानी से निकलता हुआ दिखाई दिया और कुछ देर तक बैरिकेडिंग पर रेंगता रहा।
नदी के बीचों-बीच सांप को देखकर वहां स्नान कर रहे लोगों में डर फैल गया। कई श्रद्धालु तुरंत पानी से बाहर निकलने लगे, जिसके चलते घाट पर कुछ समय के लिए भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। स्थानीय लोगों के मुताबिक, ब्रजघाट पर सांप दिखाई देने की यह पहली घटना नहीं है। दावा किया जा रहा है कि एक दिन पहले भी गंगा में स्नान कर रहे एक श्रद्धालु को सांप ने डस लिया था। हालांकि, इस घटना की आधिकारिक पुष्टि अभी सामने नहीं आई है।
सावन और त्योहारों के दौरान ब्रजघाट पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु गंगा स्नान के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में नदी में सांप दिखाई देने की घटना ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने प्रशासन से गंगा घाट और स्नान क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने तथा समय-समय पर निगरानी बढ़ाने की मांग की है। फिलहाल वायरल वीडियो के बाद ब्रजघाट पर मौजूद लोगों में डर का माहौल बना हुआ है। श्रद्धालु गंगा स्नान के दौरान सावधानी बरत रहे हैं और पानी में किसी भी तरह की हलचल दिखाई देने पर तुरंत बाहर निकल रहे हैं।