Lucknow Desk : उत्तर प्रदेश के पीलीभीत में सोशल मीडिया पर लाइक और व्यूज पाने के चक्कर में एक युवती को ऐसी पोस्ट करना भारी पड़ गया, जिसके बाद पुलिस उसके घर पहुंच गई। मामला थाना जहानाबाद क्षेत्र का बताया जा रहा है। युवती की पहचान स्वाति गंगवार के रूप में हुई है, जो सोशल मीडिया पर सक्रिय रहती हैं। जानकारी के मुताबिक, स्वाति ने फेसबुक पर एक पोस्ट शेयर की थी। इसमें उन्होंने लिखा था, ‘पाकिस्तान से अब मैं कभी वापस नहीं आऊंगी इंडिया।
’ यह पोस्ट सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद मामला पुलिस तक पहुंच गया। पोस्ट को लेकर भाजपा युवा मोर्चा के मंडल अध्यक्ष ने पुलिस से शिकायत की और कार्रवाई की मांग की। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस जब स्वाति के घर पहुंची तो पता चला कि वह पीलीभीत के जहानाबाद थाना क्षेत्र स्थित अपने घर पर ही मौजूद थीं। पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि सोशल मीडिया पर वायरल होने और ज्यादा लाइक-व्यूज पाने की चाहत में उन्होंने यह पोस्ट की थी। पुलिस ने स्वाति को समझाया और भविष्य में इस तरह की पोस्ट दोबारा न करने की चेतावनी दी।
साथ ही बताया कि ऐसी गतिविधि दोबारा सामने आने पर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जा सकती है। पुलिस की चेतावनी के बाद स्वाति ने अपनी सोशल मीडिया पोस्ट डिलीट कर दी। पीलीभीत पुलिस ने अपने आधिकारिक X हैंडल के जरिए भी मामले में की गई कार्रवाई की जानकारी साझा की है। वहीं, शिकायत करने वाले भाजपा युवा मोर्चा के मंडल अध्यक्ष ने पुलिस की कार्रवाई के लिए आभार जताया। इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर पोस्ट डालते समय सावधानी बरतने और बिना सोचे-समझे विवादित या भ्रामक बातें साझा करने से बचने की चर्चा भी शुरू हो गई है।