लखनऊ। एमएलसी चुनाव के लिए मतदान करने के बाद सपा विधायक रविदास महरोत्रा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर आपत्तिजनक टिप्प्णी दी। उन्होंने पीएम मोदी को देश का गैरकानूनी प्रधानमंत्री और अमित शाह को गैरकानूनी गृहमंत्री बताया।
अखिलेश यादव और आजम खां की मुलाकात पर सपा विधायक रविदास महरोत्रा ने कहा कि वह उनके स्वास्थ्य का हाल जानने गए थे। देश में SIR की प्रक्रिया के द्वारा घुसपैठियों को देश से हटाने पर उन्होंने कहा कि यह सब गृहमंत्री अमित शाह कर रहे हैं। घुसपैठिये की अवधारणा बनाकर एसआईआर के जरिए 13 करोड़ लोगों के नाम मतदाता सूची से काट दिए गए। पीडीए के समाज के लोगों के नाम भी वोटर लिस्ट से हटा दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि देश भर में मुख्य आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग को लेकर प्रदर्शन हो रहा है, लेकिन भारतीय जनता पार्टी ज्ञानेश कुमार को बचाने में जुटी है। इससे ये साबित हो गया है कि मुख्य चुनाव आयुक्त की बेईमानी से केंद्र की सरकार बनी है। ये सरकार इल्लीगल है और देश के प्रधानमंत्री भी इल्लीगल है। देश के रक्षामंत्री भी इल्लीगल हैं।
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव-2027 को लेकर सपा विधायक रविदास महरोत्रा ने कहा कि प्रदेश में सपा की जबरदस्त आंधी चल रही है। 2027 के चुनाव में समाजवादी पार्टी की जीत होगी और अखिलेस यादव मुख्यमंत्री बनेंगे। प्रदेश की जनता समाजवादी पार्टी के पक्ष में है। भारतीय जनता पार्टी ने देश में महंगाई, बेरोजगारी को बढ़ा दिया है। जनता भाजपा सरकार से त्रस्त हो गई है। इसलिए जनता ने बदलाव करने का मन बना लिया है।