फिरोजाबाद। टूंडला विधानसभा से भारतीय जनता
पार्टी के विधायक प्रेमपाल धनगर का एक ऑडियो सामने आया है। जिसमें विधायक प्रेमपाल
धनगर बैंक के मैनेजर से नोंकझोक करते सुनाई दे रहे हैं। पंजाब एंड सिंध बैंक की
स्टेशन रोड शाखा के प्रबंधक प्रहलाद मंगल और विधायक के बीच किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) ऋण के बकाये को लेकर फोन पर तीखी बातचीत हुई। ये ऑडियो करीब
2 मिनट 13 सेकंड का है। इस बातचीत में टूंडला विधायक ने मामले का पारदर्शी हिसाब
कर समाधान करने की बात कही, जबकि बैंक
प्रबंधक ने दंपती को बकायेदार बताया। ऑडियो में विधायक बैंक मैनेजर से कह रहे हैं,
मैं टूंडला विधायक बोल रहा हूं, बार-बार बताना पड़ेगा क्या..?
दंपती ने की थी विधायक से शिकायत
नगला सिंघी क्षेत्र के धीरपुरा निवासी ममता
और उनके पति सियाराम ने विधायक से शिकायत की थी। दंपती के मुताबिक, उन्होंने 2016 में KCC के तहत 5 लाख रुपये के ऋण के लिए आवेदन किया था, लेकिन उन्हें 4 लाख रुपये ही मिले। उनका दावा है कि वे
ब्याज सहित रकम बैंक में जमा कर चुके हैं, फिर भी बैंक उनसे 5 लाख रुपये के ऋण पर ब्याज सहित
भुगतान मांग रहा है।
शिकायत के बाद विधायक ने शाखा प्रबंधक
प्रहलाद मंगल को फोन किया। नेटवर्क की समस्या से बातचीत की शुरुआत में आवाज साफ
नहीं आई। वायरल ऑडियो में विधायक को अपना परिचय देते हुए यह कहते सुना जा सकता है, “टूंडला विधायक बोल रहा हूं… बार-बार परिचय देना पड़ेगा
क्या।”
विधायक ने पारदर्शी हिसाब की मांग की
ऑडियो में विधायक ने दंपती को 4 लाख रुपये
मिलने के दावे के बावजूद 5 लाख रुपये की वसूली पर सवाल उठाया और खाते का स्पष्ट
हिसाब कर मामले का निपटारा करने को कहा। बातचीत के दौरान बैंक प्रबंधक ने नेताओं
पर भी आरोप लगाए, जिस पर विधायक
ने आपत्ति जताई।
विधायक प्रेमपाल धनगर ने कहा कि क्षेत्र के
लोग अपनी समस्याएं लेकर जनप्रतिनिधियों के पास आते हैं और संबंधित अधिकारियों का
दायित्व है कि वे उनकी शिकायत सुनें और समाधान करें। उन्होंने कहा कि बैंक प्रबंधक
के रवैये की शिकायत बैंक के उच्चाधिकारियों और जिलाधिकारी से की जाएगी।
वहीं, शाखा प्रबंधक प्रहलाद मंगल ने दंपती को बकायेदार बताते
हुए कहा कि उन्हें ब्याज सहित ऋण की राशि बैंक में जमा करनी होगी। ऋण खाते और
भुगतान से जुड़े दावों की स्वतंत्र पुष्टि उपलब्ध नहीं है।