Lucknow Desk : एक बार फिर आकाश आनंद की बहुजन समाज पार्टी में वापसी हो गई है। ये वापसी कोई पहली बार नही है। बसपा प्रमुख मायावती ने उन्हें दोबारा पार्टी का राष्ट्रीय संयोजक नियुक्त किया है। पार्टी की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, आकाश आनंद को बहुजन महापुरुषों के मिशन और आंदोलन को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। आकाश आनंद को नई जिम्मेदारी मिलने के बाद बसपा के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल ने मायावती के फैसले पर आभार जताया और आकाश आनंद को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी संगठन आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए अपनी तैयारियों को आगे बढ़ा रहा है। आकाश आनंद की वापसी ऐसे समय हुई है जब बसपा उत्तर प्रदेश में संगठन को सक्रिय करने और आगामी चुनावों के लिए अपनी तैयारियों को गति देने में जुटी है। पार्टी की ओर से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने पर भी जोर दिया जा रहा है।
9 अक्टूबर को कांशीराम की पुण्यतिथि पर बड़ा आयोजनइसी बीच बसपा संस्थापक कांशीराम की पुण्यतिथि को लेकर लखनऊ में तैयारियां तेज हो गई हैं। 9 अक्टूबर को कांशीराम स्मारक स्थल, वीआईपी रोड पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। पार्टी नेताओं और पदाधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों को अंतिम रूप देने के निर्देश दिए हैं। बसपा नेताओं ने बहुजन समाज के लोगों से बड़ी संख्या में कार्यक्रम में पहुंचकर कांशीराम को श्रद्धांजलि देने की अपील की है। पार्टी के लिए यह आयोजन संगठनात्मक सक्रियता और कार्यकर्ताओं को एकजुट करने के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। आकाश आनंद की दोबारा जिम्मेदारी और कांशीराम पुण्यतिथि पर होने वाला कार्यक्रम, दोनों ही घटनाक्रम ऐसे समय सामने आए हैं जब बसपा उत्तर प्रदेश में आगामी राजनीतिक गतिविधियों को लेकर संगठन को सक्रिय करने पर जोर दे रही है।