Lucknow Desk: बस्ती के राजकीय इंटर कॉलेज में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं के सम्मान में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान अयोध्या से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम का लाइव प्रसारण किया गया। मुख्यमंत्री ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं के लिए मानदेय बढ़ाने समेत कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। मुख्यमंत्री ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का मानदेय 8 हजार रुपये से बढ़ाकर 12 हजार रुपये और सहायिकाओं का मानदेय 4 हजार से बढ़ाकर 6 हजार रुपये प्रतिमाह करने की घोषणा की। इसके अलावा उन्हें हर साल 5 लाख रुपये का कैशलेस स्वास्थ्य कवर देने की बात कही गई। साड़ी के लिए 500 रुपये अतिरिक्त और स्मार्टफोन की सुविधा देने की घोषणा भी की गई।
राजकीय इंटर कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां और सहायिकाएं मौजूद रहीं। इस दौरान नव नियुक्त कर्मियों को नियुक्ति पत्र दिए गए। वहीं मेधावी बच्चों और बेहतर कार्य करने वाली पर्यवेक्षिकाओं व आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा विधायक अजय सिंह ने मुख्यमंत्री की घोषणाओं को आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां बच्चों के पोषण और स्वास्थ्य से जुड़े कार्यों में अहम भूमिका निभा रही हैं।
मानदेय बढ़ने और स्वास्थ्य कवर मिलने से उन्हें राहत मिलेगी। विधायक ने कहा कि पहले आंगनबाड़ी केंद्रों के राशन को लेकर कालाबाजारी की शिकायतें आती थीं। अब स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से राशन सीधे आंगनबाड़ी केंद्रों तक पहुंचाया जा रहा है। जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्सना ने जिले में चल रहे ‘कुपोषित बस्ती’ अभियान की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि करीब तीन महीने पहले शुरू हुए अभियान में सैम और मेम श्रेणी के बच्चों का सत्यापन कर उन्हें बेहतर पोषण देने का प्रयास किया जा रहा है। अच्छे कार्य के लिए आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को भी सम्मानित किया गया।