Lucknow Desk : उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय का वाट्सऐप अकाउंट बंद होने के बाद सियासी हलचल तेज हो गई है। अजय राय ने अपने वाट्सऐप अकाउंट के बंद होने को लेकर भारतीय जनता पार्टी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा के खिलाफ आवाज उठाने और कथित घोटालों के मुद्दे पर सवाल करने की वजह से उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। अजय राय ने आरोप लगाया कि उनके वाट्सऐप अकाउंट को बंद करवाने के पीछे राजनीतिक दबाव की भूमिका हो सकती है। उन्होंने कहा कि विपक्ष की आवाज को दबाने की कोशिश लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए चिंता का विषय है। कांग्रेस अध्यक्ष का कहना है कि हमेशा वो जनता के मुद्दे पर बात करते रहे है।
सरकार से जवाब मांगते रहे है। इसलिए उनका वाट्सऐप अकाउंट बंद करा दिया गया है। ताकि वो जनता की आवाज दबा सकें। अजय राय ने कहा कि सोशल मीडिया आज जनता तक अपनी बात पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। ऐसे में किसी राजनीतिक व्यक्ति का अकाउंट बंद होना केवल व्यक्तिगत मामला नहीं है, बल्कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता से भी जुड़ा विषय है।
उन्होंने वाट्सऐप और उसकी मूल कंपनी मेटा से मामले में तत्काल हस्तक्षेप करने की मांग की। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि उनका अकाउंट जल्द से जल्द बहाल किया जाना चाहिए और अकाउंट बंद किए जाने के कारणों की स्पष्ट जानकारी दी जानी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के खिलाफ आवाज उठाने वालों को अलग-अलग तरीकों से परेशान किया जा रहा है। इस मामले पर भाजपा की ओर से अभी प्रतिक्रिया सामने आना बाकी है। अजय राय के आरोपों के बाद यह मुद्दा आने वाले दिनों में उत्तर प्रदेश की सियासत में और गरमा सकता है। खासतौर पर सोशल मीडिया अकाउंट पर कार्रवाई को लेकर कांग्रेस इसे राजनीतिक दबाव से जोड़ रही है।