Lucknow Desk : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर प्रदेश सरकार पर कई मुद्दों को लेकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बीजेपी PDA से घबराई हुई है, इसलिए उसकी परिभाषा बदलने की कोशिश की जा रही है। अखिलेश यादव ने कहा कि सपा प्रेम, दया और अपनापन जोड़ने की राजनीति करेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर प्राथमिक स्कूलों की स्थिति सुधारने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। सरकारी स्कूलों को प्राइवेट स्कूलों के बराबर खड़ा करने का काम फिर शुरू किया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि जानबूझकर स्कूल बंद किए जा रहे हैं। बच्चों के लिए फल, दूध और गर्म भोजन जैसी व्यवस्थाओं का भी उन्होंने जिक्र किया। अखिलेश ने कहा कि सपा सरकार में ऐसी किचन व्यवस्था तैयार की गई थी, जिससे कम समय में बड़ी संख्या में रोटियां बनाई जा सकती थीं। उन्होंने कहा कि भविष्य में ऐसी मशीनों का इस्तेमाल फिर किया जाएगा।
साथ ही उन्होंने कहा कि सरकार के खिलाफ सच बोलना भी मुश्किल हो गया है और स्कूलों की खराब स्थिति का वीडियो बनाने पर कार्रवाई का डर दिखाया जा रहा है। महंगाई के मुद्दे पर भी अखिलेश यादव ने सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि चीनी, मिठाई, साबुन, तेल, पेट्रोल और डीजल महंगे हो गए हैं। उन्होंने एथनॉल नीति पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार को यह बताना चाहिए कि आम लोगों को इसका क्या फायदा मिल रहा है। राशन व्यवस्था का जिक्र करते हुए उन्होंने सरकार से पूछा कि जब करोड़ों लोगों को मुफ्त राशन देना पड़ रहा है तो उनकी प्रति व्यक्ति आय कितनी है। अखिलेश यादव ने कहा कि सपा और उसके सहयोगी दल 403 विधानसभा सीटों के लिए तैयारी कर रहे हैं। उन्होंने गठबंधन को लेकर कहा कि समाजवादी पार्टी अपने साथियों का साथ निभाती है। आरएलडी को लेकर उन्होंने सहयोगियों को ज्यादा सीटें देने की बात पर तंज भी किया। किसान नेता की पिटाई के मामले पर अखिलेश ने आरोप लगाया कि पीड़ित वर्ग के साथ अन्याय हुआ। उन्होंने कुंभ के आयोजन, प्रयागराज और लखनऊ में जलभराव तथा गोरखपुर में सड़कों पर नाव चलने का जिक्र करते हुए सरकार की व्यवस्थाओं पर सवाल उठाए।
उन्होंने दिव्यांगों के लिए अलग सुविधाएं देने की बात कही। अखिलेश ने कहा कि मूक-बधिर लोगों के लिए विशेष व्यवस्था और दिव्यांगों को मोटर से चलने वाली व्हीलचेयर उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जाएगा। उन्होंने गरीब महिलाओं के लिए 40 हजार रुपये की सहायता के पुराने वादे का भी जिक्र किया और कहा कि सपा सरकार बनने पर इस तरह की योजनाओं को लागू करने की कोशिश की जाएगी। अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि बीजेपी बड़े लोगों और अपने करीबियों को फायदा पहुंचाने वाली नीतियां बना रही है। उन्होंने कहा कि सपा का PDA के साथ गठबंधन और सामाजिक न्याय का मुद्दा आगे भी जारी रहेगा। किसानों के लिए AI के इस्तेमाल की जरूरत बताते हुए उन्होंने रोजगार, शिक्षा और खेती से जुड़े मुद्दों पर सरकार को घेरा। प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने स्वास्थ्य व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। मेडिकल कॉलेजों में डॉक्टरों की कमी, अस्पतालों की व्यवस्थाओं और सरकारी परियोजनाओं में जलभराव का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि सिर्फ निर्माण कर देना पर्याप्त नहीं है, बल्कि जनता को सुविधाएं मिलना जरूरी है। अखिलेश ने कहा कि आने वाले समय में जनता सरकार से इन सवालों का जवाब मांगेगी।