Lucknow Desk : अयोध्या में आज राम मंदिर ट्रस्ट को लेकर एक अहम बैठक होने जा रही है। बैठक दोपहर करीब 2 बजे मणिरामदास छावनी में शुरू होगी और देर शाम तक चलने की उम्मीद है। ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास के आवास पर होने वाली इस बैठक में कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। सबसे बड़ी चर्चा राम मंदिर ट्रस्ट के पहले मुख्य कार्यकारी अधिकारी यानी CEO की नियुक्ति को लेकर है। बताया जा रहा है कि सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति प्रमोद कोहली की अध्यक्षता वाली तीन सदस्यीय समिति ने सीईओ पद के लिए तीन नाम ट्रस्ट को सौंपे हैं। अब इन नामों पर ट्रस्ट की बैठक में अंतिम विचार किया जा सकता है।
सीईओ पद की दौड़ में एनकाउंटर स्पेशलिस्ट के तौर पर पहचान रखने वाले राजेश पांडेय का नाम प्रमुखता से सामने आ रहा है। इसके अलावा डीजी बिहार रह चुके प्रवेश सक्सेना और अयोध्या के पूर्व जिलाधिकारी एवं पूर्व आईएएस अधिकारी योगेश्वर राम मिश्रा के नाम की भी चर्चा है। हालांकि, अंतिम फैसला ट्रस्ट की बैठक के बाद ही स्पष्ट होगा। बैठक में केवल सीईओ की नियुक्ति ही नहीं, बल्कि राम मंदिर ट्रस्ट में खाली पड़े अन्य पदों को भरने पर भी चर्चा हो सकती है। इसके लिए कुछ नए नामों को ट्रस्ट में शामिल किए जाने की संभावना जताई जा रही है। विश्व हिंदू परिषद की केंद्रीय परामर्श समिति के सदस्य दिनेश जी का नाम भी चर्चा में है।
वहीं, विहिप के अंतरराष्ट्रीय महामंत्री बजरंग लाल बांगड़ा भी इन दिनों अयोध्या में मौजूद हैं। ऐसे में उनके नाम को लेकर भी अटकलें तेज हैं कि उन्हें ट्रस्ट में जिम्मेदारी दी जा सकती है। इसके अलावा राजा विमलेंद्र मोहन प्रताप मिश्र के पुत्र और चर्चित साहित्यकार यतींद्र मिश्र का नाम भी संभावित सदस्यों में बताया जा रहा है। राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के दौरान व्यवस्थाओं में यतींद्र मिश्र की महत्वपूर्ण भूमिका रही थी। आज होने वाली बैठक को इसलिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि इसमें ट्रस्ट के प्रशासनिक ढांचे से जुड़े कई बड़े फैसले लिए जा सकते हैं। अब सभी की नजर इस बात पर है कि ट्रस्ट का पहला सीईओ कौन बनता है और किन नए चेहरों को ट्रस्ट में जगह मिलती है।