BJP MLA Ratnakar Mishra : 2027 के विधानसभा चुनाव की सरगर्मी के बीच उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर भगवान ‘श्री राम’ का जिक्र हो गया। मिर्जापुर नगर से बीजेपी विधायक रत्नाकर मिश्रा ने अपने एक बयान से सांसप्रदायिक सियासी चर्चा को हवा दे दी है। भाजपा विधायक रत्नाकर मिश्रा ने कहा कि उन्हें श्रीराम-द्रोहियों का वोट नहीं चाहिए। राम-द्रोहियों के वोट से ईवीएम मशीन अशुद्ध हो जाएगी।
गुरुवार को मिर्जापुर भाजपा विधायक का बयान सोशल मीडिया पर चर्चा का केंद्र बना हुआ है। चुनावी हलचल के बीच रत्नाकर मिश्रा ने श्रीराम-द्रोहियों का वोट लेने से इनकार करते हुए कहा कि ऐसे लोगों की वोट से उनकी ईवीएम अशुद्ध हो जाएगी। भाजपा विधायक ने कहा कि उन्हें केवल भारत माता की जय, वंदे मातरम और जय श्रीराम बोलने वालों का ही समर्थन चाहिए।
रत्नाकर मिश्रा ने कहा, “ मुझे उन्हीं लोगों का वोट चाहिए, जो भारत माता की जय, वंदे मातरम और जय श्रीराम बोलते हैं। जो भारत माता को नहीं मानता, उसका वोट मुझे स्वीकार नहीं है। अगर कोई राम भक्त है और भारत माता की पूजा करता है, तो ही उसका वोट मुझे स्वीकार है। जो भारत में रहकर पाकिस्तान का गुणगान करते हैं, देश का खाना खाकर देश के खिलाफ गाना गाते हैं, ऐसे लोगों का समर्थन मुझे नहीं चाहिए।”