Lucknow Desk: बहुजन समाज पार्टी (BSP) की सुप्रीमो मायावती ने Gen-Z आंदोलन को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि देश में जिस तरह से घटनाएं सामने आ रही हैं, उससे ऐसा लगता है कि CJP का Gen-Z आंदोलन अब राजनीतिक पार्टियों के प्रभाव में आ गया है। मायावती ने कहा कि युवाओं की मांगों और उनकी समस्याओं के प्रति BSP पूरी तरह सहानुभूति रखती है। मायावती ने सोशल मीडिया पर अपने बयान में कहा कि जंतर-मंतर पर हुए आंदोलन के दौरान युवाओं को बड़े-बड़े सपने दिखाए गए थे।
लेकिन अब यह आंदोलन पहले की तुलना में कम स्वतंत्र और ज्यादा राजनीतिक नजर आ रहा है। उन्होंने कहा कि Gen-Z और Gen-Alpha की जायज मांगों को समझने और उनका समाधान करने की जरूरत है। BSP प्रमुख ने अपनी पार्टी की सभी राज्य इकाइयों को निर्देश दिया है कि वे अपने-अपने राज्यों में अधिकारियों से मुलाकात करें और युवाओं से जुड़ी समस्याओं का शांतिपूर्ण तरीके से समाधान कराने की कोशिश करें। उन्होंने साफ कहा कि BSP कार्यकर्ता धरना-प्रदर्शन से दूर रहें और अपनी ऊर्जा आने वाले चुनाव की तैयारियों में लगाएं। मायावती ने कहा कि BSP की सरकार बनने पर **'सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय'** की नीति के तहत Gen-Z समेत समाज के सभी वर्गों की समस्याओं का स्थायी समाधान करने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने जंतर-मंतर आंदोलन के दौरान हुई संजय आजाद से जुड़ी घटना का भी जिक्र किया। मायावती के मुताबिक, अगर पुलिस ने समय रहते कार्रवाई की होती तो ऐसी गंभीर घटना को रोका जा सकता था। उन्होंने मामले के आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की और चेतावनी दी कि कार्रवाई नहीं होने पर BSP भी पीछे नहीं रहेगी। मायावती ने युवाओं से भी अपील की कि वे अपनी मांगों को शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से उठाएं।