Lucknow Desk : उत्तर प्रदेश के हापुड़ पहुंचे उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने जा रही है। उनके मुताबिक बीजेपी 2027 में 300 से ज्यादा सीटें जीतेगी। उन्होंने कहा कि इसको लेकर किसी तरह का कंफ्यूजन नहीं होना चाहिए। केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि 2017 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने 300 से ज्यादा सीटों पर जीत दर्ज की थी।
अब 2027 में भी पार्टी इसी तरह का प्रदर्शन करेगी। उन्होंने कहा कि उत्तर से दक्षिण और पूर्व से पश्चिम तक बीजेपी का कमल खिल रहा है। उपमुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कुछ लोग मुंगेरीलाल के हसीन सपने देख रहे हैं कि वे मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं। केशव मौर्य ने कहा कि अखिलेश यादव को पता है कि उनकी स्थिति 2017 जैसी हो गई है। उन्होंने एआई से बनाए जा रहे वीडियो को लेकर भी टिप्पणी की।
केशव मौर्य ने आरोप लगाया कि एआई की मदद से वीडियो बनाकर उन्हें प्रसारित किया जा रहा है। उन्होंने इसे हताशा बताया और कहा कि जनता इसका जवाब देगी। दरअसल, केशव प्रसाद मौर्य हापुड़ के पिलखुवा में बीजेपी नेत्री राजा रानी गर्ग के निधन पर शोक जताने उनके आवास पहुंचे थे। उन्होंने परिवार के लोगों से मुलाकात की और उन्हें ढांढस बंधाया। इस दौरान उन्होंने दिवंगत राजा रानी गर्ग के निधन पर दुख जताते हुए परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।