Lucknow Desk : बहुजन समाज पार्टी (बीएसपी) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती 31 अगस्त को लखनऊ में पार्टी की एक अहम बैठक करेंगी। विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच होने वाली इस बैठक को संगठन के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। बैठक में उत्तर प्रदेश के सभी स्तर के वरिष्ठ पदाधिकारी और प्रदेश के सभी 75 जिलों के जिलाध्यक्ष शामिल होंगे। यह विशेष बैठक बीएसपी के यूपी स्टेट कार्यालय, 12 माल एवेन्यू, लखनऊ में सुबह 11 बजे से आयोजित की जाएगी।
बैठक में पार्टी संगठन से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। बताया जा रहा है कि मायावती पार्टी के संगठन की जमीनी स्थिति की समीक्षा करेंगी। इसके साथ ही संगठन को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने और प्रदेश में सर्वसमाज के बीच पार्टी का जनाधार बढ़ाने को लेकर भी चर्चा होगी। पार्टी पदाधिकारियों को पहले दिए गए दिशा-निर्देशों पर कितना काम हुआ है, इसकी प्रगति रिपोर्ट भी बैठक में सामने रखी जाएगी। बैठक का एक प्रमुख मुद्दा आगामी विधानसभा आम चुनाव की तैयारियां भी होगा।
पार्टी की ओर से चुनावी रणनीति को लेकर अब तक किए गए काम की समीक्षा की जाएगी। इसके अलावा संभावित प्रत्याशियों के चयन की प्रक्रिया और चुनाव के लिए संगठन की तैयारियों पर भी विस्तार से चर्चा होने की बात कही जा रही है। मायावती बैठक के दौरान पार्टी नेताओं और पदाधिकारियों को आगे की रणनीति के लिए जरूरी दिशा-निर्देश भी दे सकती हैं। ऐसे में माना जा रहा है कि 31 अगस्त की बैठक के बाद बीएसपी की चुनावी तैयारियों को लेकर संगठन के स्तर पर गतिविधियां और तेज हो सकती हैं।