Lucknow Desk : उप महानिरीक्षक निबंधन कार्यालय के नए भवन के शिलान्यास और भूमि पूजन कार्यक्रम में पहुंचे प्रदेश सरकार के स्वतंत्र प्रभार मंत्री रविंद्र जायसवाल ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधा। मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव न तो मस्जिद के हितैषी हैं और न ही मंदिर के। उन्होंने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव को केवल वोट बैंक के लिए जालीदार टोपी पहनने वालों की चिंता रहती है। मंत्री ने मंदिर-मस्जिद से जुड़े एक मामले पर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि हिंदू धर्म में कुएं का विशेष महत्व है।
मुख्य शिकायतकर्ता और बजरंग दल के पूर्व प्रांत संयोजक विकास त्यागी ने कहा कि प्राचीन कुआं मिलने के बाद उनका शक यकीन में बदल गया है। रविंद्र जायसवाल ने कहा कि मंदिर और मस्जिद श्रद्धा और सजदा के लिए हैं, लेकिन अगर किसी धार्मिक स्थल या उससे जुड़ी व्यवस्था से आम लोगों को परेशानी हो रही है तो उसे बगल में स्थानांतरित करने पर विचार किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का प्रयास है कि आम जनमानस को किसी तरह की परेशानी न हो और विकास कार्यों के साथ लोगों की सुविधाओं का भी ध्यान रखा जाए। रजिस्ट्री कार्यालय के भूमि पूजन कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने नए भवन की जरूरत पर भी बात की।
उन्होंने कहा कि अभी कार्यालय पुराने और जर्जर भवन में संचालित हो रहा था, जिसके कारण आम लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। नए भवन के निर्माण के बाद लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और क्षेत्र के विकास को भी गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि नए कार्यालय भवन के बनने से स्थानीय स्तर पर रोजगार और रोजी-रोटी के अवसर भी बढ़ेंगे। भवन निर्माण की कार्यदायी संस्था C&DS को 15 दिसंबर तक एक भवन का निर्माण पूरा करने का निर्देश दिया गया है। मंत्री ने अधिकारियों से निर्माण कार्य में गुणवत्ता और समयसीमा का विशेष ध्यान रखने को कहा।