Lucknow Desk : रायबरेली में स्वतंत्रता दिवस के मौके पर कैबिनेट मंत्री मनोज कुमार पांडेय ने शहीद स्मारक पर ध्वजारोहण किया और स्वतंत्रता आंदोलन में बलिदान देने वाले वीर सपूतों को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उन्होंने शहीदों के परिजनों को सम्मानित भी किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, स्कूली बच्चे और अधिकारी मौजूद रहे। मंत्री मनोज कुमार पांडेय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस बयान का समर्थन किया, जिसमें उन्होंने हथियारबंद नक्सलवाद के बाद वैचारिक चुनौती से निपटने की बात कही थी। मंत्री ने कहा कि देश ने हथियारबंद नक्सलवाद और आतंकवाद जैसी चुनौतियों पर काफी हद तक काबू पाया है।
अब वैचारिक स्तर पर सामने आने वाली चुनौतियों का भी मजबूती से सामना करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि भारत की एकता और अखंडता के साथ किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जा सकता। देशहित को राजनीतिक हितों से ऊपर रखने की जरूरत है। उन्होंने विपक्ष से भी अपील की कि वह दलगत राजनीति से ऊपर उठकर देश के हित में अपनी भूमिका निभाए। राहुल गांधी को लेकर मंत्री ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष एक महत्वपूर्ण संवैधानिक पद है और इस पद की गरिमा का ध्यान रखा जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में विपक्ष की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है, लेकिन हर राजनीतिक दल और नेता को देश की एकता और संवैधानिक संस्थाओं का सम्मान करना चाहिए। स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम में स्कूली बच्चों ने देशभक्ति गीत और धुनों की प्रस्तुति दी, जिससे पूरा माहौल देशभक्ति से भर गया। बच्चों की प्रस्तुतियों को मौजूद लोगों ने खूब सराहा। कार्यक्रम में डीएम सरनीत कौर, एसपी रविकुमार, सीडीओ अंजुलता समेत प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे। कैबिनेट मंत्री ने सभी लोगों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं और देश की प्रगति में हर नागरिक की भागीदारी को जरूरी बताया।