Lucknow Desk : उत्तर प्रदेश की सियासत में बहुजन समाज पार्टी (BSP) को लेकर एक बार फिर चर्चाएं तेज हो गई हैं। पार्टी सुप्रीमो मायावती के भतीजे ईशान आनंद के एक सोशल मीडिया पोस्ट ने राजनीतिक गलियारों में नई चर्चा को जन्म दे दिया है। ईशान आनंद ने सहारनपुर में मस्जिद पर हुए बुलडोजर एक्शन को लेकर फेसबुक पर पोस्ट किया और बीजेपी सरकार पर सवाल उठाए। ईशान आनंद की इस पोस्ट को महज सोशल मीडिया प्रतिक्रिया के तौर पर नहीं देखा जा रहा है।
राजनीतिक हलकों में इसे उनके सक्रिय राजनीति में कदम रखने के संकेत के तौर पर भी देखा जा रहा है। हालांकि, अभी तक ईशान आनंद की ओर से सक्रिय राजनीति में आने या BSP में कोई औपचारिक जिम्मेदारी संभालने को लेकर आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। इस बीच सूत्रों के हवाले से यह चर्चा भी सामने आ रही है कि मायावती जल्द ही ईशान आनंद को पार्टी में कोई महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दे सकती हैं। अगर ऐसा होता है तो यह BSP की आगे की राजनीतिक रणनीति के लिहाज से बड़ा बदलाव माना जाएगा। गौरतलब है कि आकाश आनंद लंबे समय तक मायावती के राजनीतिक उत्तराधिकारी के तौर पर चर्चा में रहे हैं।
ऐसे में ईशान आनंद के सक्रिय राजनीति में आने की अटकलों ने एक नया सवाल खड़ा कर दिया है कि क्या पार्टी में उन्हें आकाश आनंद की जगह कोई बड़ी भूमिका मिल सकती है? फिलहाल BSP की ओर से इस पूरे मामले पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। इसलिए ईशान आनंद की भूमिका को लेकर चल रही चर्चाओं को अभी अटकलों के तौर पर ही देखा जा रहा है। आने वाले दिनों में मायावती का फैसला यह साफ कर सकता है कि BSP की नई राजनीतिक टीम में ईशान आनंद की क्या भूमिका होगी।