Lucknow Desk : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कानून-व्यवस्था और प्रशासनिक कामकाज की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने माफियाओं के खिलाफ अभियान लगातार जारी रखने के निर्देश दिए। साथ ही गो-तस्करी, धर्मांतरण और धार्मिक स्थलों से जुड़ी घटनाओं को लेकर 24 घंटे अलर्ट रहने को कहा। मुख्यमंत्री ने पांच वर्ष से अधिक पुराने राजस्व मामलों के निस्तारण को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मामलों में ‘तारीख पर तारीख’ की प्रवृत्ति को हर हाल में खत्म करना होगा और लंबित मामलों का जल्द समाधान सुनिश्चित किया जाए।
जनशिकायतों के गलत निस्तारण पर भी मुख्यमंत्री ने सख्त रुख अपनाया। उन्होंने निर्देश दिया कि ऐसे मामलों में संबंधित जिले पांच दिन के भीतर स्पष्टीकरण दें। जिन शिकायतों के निस्तारण से फरियादी संतुष्ट नहीं हैं, उनका दोबारा परीक्षण कराया जाएगा। जन्माष्टमी को देखते हुए मथुरा-वृंदावन में भीड़ नियंत्रण के लिए व्यापक योजना तैयार करने को कहा गया है। मुख्यमंत्री ने बांके बिहारी मंदिर के लिए अलग क्राउड कंट्रोल कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए। साथ ही वृंदावन में नया पुलिस सर्किल बनाने और मथुरा-वृंदावन में अलग-अलग जॉइंट मजिस्ट्रेट की तैनाती के निर्देश दिए गए हैं।
समीक्षा के दौरान बताया गया कि 13 जुलाई से 23 अगस्त के बीच गंभीर अपराधों में 5.1 प्रतिशत और महिलाओं के विरुद्ध अपराधों में 3.9 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है। मुख्यमंत्री ने जोन और रेंज स्तर पर हर सप्ताह क्राइम एनालिसिस करने को कहा। महिला और बाल अपराधों में त्वरित एवं संवेदनशील कार्रवाई के भी निर्देश दिए गए। गणेश प्रतिमा विसर्जन को लेकर भी विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है। हाईटेंशन तारों और उफनती नदियों से जुड़े संभावित खतरों को ध्यान में रखते हुए संवेदनशील क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए गए हैं।