Lucknow Desk : उत्तर प्रदेश में बीजेपी के नए प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े ने शनिवार को उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक से मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच यह मुलाकात उपमुख्यमंत्री के आवास पर हुई। इसे फिलहाल एक औपचारिक मुलाकात बताया जा रहा है, लेकिन राजनीतिक नजरिए से इसे काफी अहम माना जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक, बैठक में उत्तर प्रदेश सरकार के कामकाज और अलग-अलग जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर चर्चा हुई।
इसके अलावा प्रदेश में पार्टी के संगठन को और मजबूत करने तथा सरकार और संगठन के बीच बेहतर तालमेल बनाए रखने को लेकर भी बातचीत हुई। मुलाकात के दौरान आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर भी मंथन होने की जानकारी सामने आई है। पार्टी किस तरह से चुनावी रणनीति को आगे बढ़ाएगी और कार्यकर्ताओं को जमीनी स्तर पर किस तरह सक्रिय किया जाएगा, इसे लेकर भी चर्चा हुई। विनोद तावड़े को हाल ही में उत्तर प्रदेश बीजेपी का नया प्रभारी बनाया गया है।
जिम्मेदारी मिलने के बाद उनका प्रदेश के प्रमुख नेताओं से मुलाकातों का सिलसिला जारी है। ऐसे में ब्रजेश पाठक से उनकी मुलाकात को संगठन और सरकार के बीच समन्वय बढ़ाने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है। बीजेपी की कोशिश है कि चुनाव से पहले संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत किया जाए और सरकार की योजनाओं को ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाया जाए। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में तावड़े प्रदेश के अन्य वरिष्ठ नेताओं और पार्टी पदाधिकारियों के साथ भी बैठक कर संगठन की स्थिति और चुनावी तैयारियों का जायजा लेंगे।