Lucknow Desk : उत्तर प्रदेश के सहकारी चीनी उद्योग के लिए बड़ी उपलब्धि सामने आई है। प्रदेश की आठ सहकारी चीनी मिलों को राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट काम के लिए राष्ट्रीय दक्षता पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। नई दिल्ली के डॉ. अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित राष्ट्रीय दक्षता पुरस्कार समारोह में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने इन मिलों को सम्मानित किया।यह पुरस्कार राष्ट्रीय सहकारी शक्कर कारखाना संघ लिमिटेड (NFCSF) की ओर से दिए जाते हैं। हर साल देश की सहकारी चीनी मिलों के कामकाज का अलग-अलग क्षेत्रों में मूल्यांकन किया जाता है। इसमें गन्ना विकास, तकनीकी दक्षता, चीनी की रिकवरी, वित्तीय प्रबंधन और मिल के कुल प्रदर्शन जैसे मानक शामिल होते हैं।
नजीबाबाद की मिल को मिला सबसे बड़ा सम्मान
वर्ष 2024-25 के पुरस्कारों में उत्तर प्रदेश की दि किसान सहकारी चीनी मिल, स्नेह रोड, नजीबाबाद (बिजनौर) ने सभी प्रमुख मानकों पर बेहतर प्रदर्शन किया। मिल को समग्र रूप से सर्वश्रेष्ठ सहकारी चीनी मिल का पुरस्कार दिया गया।
इसके अलावा सरजू सहकारी चीनी मिल, बेलरायां (लखीमपुर खीरी) को गन्ना विकास के क्षेत्र में बेहतर काम के लिए सम्मानित किया गया। दि किसान सहकारी चीनी मिल, गजरौला (अमरोहा) को चीनी परता यानी शुगर रिकवरी में सुधार के लिए पुरस्कार मिला। वहीं बागपत को-ऑपरेटिव शुगर मिल्स लिमिटेड, बागपत को वित्तीय प्रबंधन में बेहतर प्रदर्शन के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार दिया गया।
2025-26 में भी यूपी की तीन मिलों का दबदबा
वर्ष 2025-26 के लिए घोषित पुरस्कारों में भी उत्तर प्रदेश की चार सहकारी चीनी मिलों को सम्मान मिला। दि गंगा किसान सहकारी चीनी मिल, मोरना (मुजफ्फरनगर) को गन्ना विकास के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए पुरस्कार दिया गया।
वहीं रमाला सहकारी चीनी मिल, रमाला (बागपत) और दि किसान सहकारी चीनी मिल, सठियांव (आजमगढ़) को तकनीकी दक्षता के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। दि किसान सहकारी चीनी मिल, पुवायां (शाहजहांपुर) को उत्कृष्ट वित्तीय प्रबंधन के लिए राष्ट्रीय दक्षता पुरस्कार मिला।
प्रदेश की आठ सहकारी चीनी मिलों को मिले इस सम्मान को गन्ना और चीनी उद्योग के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। पुरस्कार मिलने के बाद विभागीय अधिकारियों ने संबंधित मिलों के प्रबंधन और कर्मचारियों को बधाई दी।
चीनी उद्योग एवं गन्ना विकास मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण, राज्यमंत्री संजय सिंह गंगवार, अपर मुख्य सचिव वीना कुमारी मीना, गन्ना आयुक्त मिनिस्ती एस., सहकारी चीनी मिल्स संघ के प्रबंध निदेशक मंगला प्रसाद सिंह और संयुक्त प्रबंध निदेशक अमृत पाल कौर ने मिलों के प्रबंधन और कर्मचारियों को इस उपलब्धि के लिए शुभकामनाएं दीं।