वॉशिंगटन। अमेरिकी हाउस ज्यूडिशियरी कमेटी
के डेमोक्रेटिक सदस्यों ने 53 पन्नों की एक रिपोर्ट जारी कर राष्ट्रपति डोनाल्ड
ट्रंप पर लगे यौन उत्पीड़न के आरोपों को फिर से उठाया है। रिपोर्ट में पूर्व मिस
स्विट्जरलैंड और मॉडल बीट्रिस केउल के एक इंटरव्यू का हवाला दिया गया है। व्हाइट
हाउस ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि रिपोर्ट का उद्देश्य ट्रंप प्रशासन की
उपलब्धियों से जनता का ध्यान भटकाना है।
रिपोर्ट के मुताबिक, केउल ने दावा किया कि नवंबर 1993 में ट्रंप ने उनका रेप
किया था। उन्होंने पहले इस घटना को बदसलूकी और छेड़छाड़ बताया था। केउल के आरोपों
की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।
प्लाजा होटल में हुई थी पहली मुलाकात का दावा
केउल के अनुसार, उनकी मुलाकात ट्रंप से तब हुई थी जब वह 24 वर्ष की थीं।
यह मुलाकात न्यूयॉर्क के प्लाजा होटल में एक प्रतियोगिता के दौरान हुई थी। उस समय
होटल ट्रंप के स्वामित्व में था। केउल का दावा है कि ट्रंप ने उनसे कहा था, “मैं तुम्हारा ध्यान रखूंगा,” और वीजा तथा न्यूयॉर्क यूनिवर्सिटी में दाखिले में मदद
का वादा किया था।
रिपोर्ट के अनुसार, इसके बाद जेफरी एप्स्टीन ने केउल से संपर्क किया और
उन्हें मार-ए-लागो में एक पार्टी के लिए आमंत्रित किया। बाद में ट्रंप के एक
प्रतिनिधि ने उन्हें अटलांटिक सिटी के ट्रंप प्लाजा होटल में मिलने के लिए बुलाया।
केउल का आरोप है कि वहां एक कमरे में ट्रंप ने उन्हें पकड़कर उनके साथ रेप किया।
उन्होंने कपड़े फटने और शरीर पर चोटें व खरोंचें आने का भी दावा किया है।
एप्स्टीन से कथित संबंधों का भी जिक्र
रिपोर्ट में ट्रंप और जेफरी एप्स्टीन के
कथित संबंधों का भी उल्लेख है। एप्स्टीन को नाबालिगों की यौन तस्करी के आरोपों में
2019 में हिरासत में लिया गया था। हिरासत के दौरान उसकी मौत हो गई थी, जिसे आधिकारिक तौर पर आत्महत्या बताया गया था।
व्हाइट हाउस के प्रवक्ता ने रिपोर्ट में
लगाए गए आरोपों को सिरे से नकारा। उन्होंने कहा कि इसका मकसद राष्ट्रपति ट्रंप की
उपलब्धियों और रिपब्लिकन पार्टी की बढ़ती लोकप्रियता से अमेरिकी जनता का ध्यान
हटाना है।